नवादा : बिहार राज्य डाटा इंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा, जिला इकाई की जिलास्तरीय बैठक उपभोक्ता कार्यालय, समाहरणालय परिसर में जिलाध्यक्ष गुड्डू कुमार की अध्यक्षता में हुई।बैठक में विभिन्न विभागों में कार्यरत नये और पुराने डाटा इंट्री ऑपरेटरों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की एकता, मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में सदस्यों ने संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ काम करने पर जोर दिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राज्य स्तरीय संगठन, पटना की ओर से जारी निर्देशों और कार्यक्रमों में जिले के सभी सदस्य सक्रिय भागीदारी निभायेंगे। साथ ही डाटा इंट्री ऑपरेटरों की जायज मांगों को सरकार के समक्ष संगठित तरीके से रखने का संकल्प लिया गया। सदस्यों ने सेवा समायोजन करते हुए 2400 ग्रेड पे देने को अपनी प्रमुख मांग बताया। इसके लिए संगठन की ओर से चलाये जाने वाले आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही गयी।
जिलाध्यक्ष गुड्डू कुमार ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों का एक मंच पर एकजुट रहना जरूरी है। एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग के माध्यम से ही मांगों को प्रभावी तरीके से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। बैठक में सचिव रविन्द्र कुमार के अलावा रजनी कुमारी, भारती कुमारी, प्रवीण कुमार, बिमल कुमार, संजीव कुमार सिंह, राजीव नयन, ऋषि कुमार, इरशाद, अरविंद कुमार, राकेश कुमार, राजेश कुमार, अवधेश कुमार, वरुण कुमार और सतीश कुमार समेत अन्य डाटा इंट्री ऑपरेटर मौजूद थे।
- भईया जी की रिपोर्ट
