नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र की हरदिया पंचायत की वार्ड संख्या 8 के वार्ड पार्षद नंदलाल राजवंशी की हृदयगति रुकने से मौत हो गयी। उनके निधन से जाजपुर गांव समेत पूरे पंचायत में शोक की लहर दौड़ गयी। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गये हैं।
अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार रविवार को अचानक नंदलाल राजवंशी की तबीयत बिगड़ गयी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पावापुरी विम्स रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान पड़ा दिल का दौरा
पावापुरी विम्स अस्पताल में इलाज के दौरान नंदलाल राजवंशी को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गयी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में मातम पसर गया पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने जतायी गहरी संवेदना
नंदलाल राजवंशी मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे। वार्ड पार्षद के रूप में उन्होंने वार्ड के विकास के लिए काम किया। उनके निधन पर ग्रामीण दिलीप साव, रूना देवी, कैलाश राजवंशी, जितेंद्र राजवंशी, अजय राजवंशी, मनोज राजवंशी समेत कई ग्रामीणों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। ग्रामीणों ने कहा कि उनके निधन से एक अच्छे जनप्रतिनिधि को खोने का दुख है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
भईया जी की रिपोर्ट
