नवादा : जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परनाडाबर पुलिस को दोहरी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया जबकि दूसरी ओर लंबे समय से फरार चल रहे एक गैर-जमानतीय वारंटी को धर दबोचा। दोनों को स्वास्थ्य जांच करा बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गश्ती के दौरान चोरी की बाइक समेत धराया सोहेल
थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और असामाजिक तत्वों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक बाइक सवार युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ और वाहन के कागजात की जांच में बाइक चोरी की निकली। गिरफ्तार युवक की पहचान परनाडाबर शिवपुरी निवासी सुनील राजवंशी के पुत्र सोहेल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी की बाइक को जब्त कर लिया।
वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार सोहेल कुमार से सघन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चोरी की इस घटना में उसकी सीधी संलिप्तता क्या है? पुलिस यह भी खंगाल रही है कि वह केवल चोरी की बाइक का खरीदार है या इलाके में सक्रिय किसी अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके संपर्कों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।
लंबे समय से फरार वारंटी पिंटू कुमार गिरफ्तार
इसी क्रम में परनाडाबर पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानतीय वारंट के आधार पर कांड संख्या 191/26 में वांछित फरार वारंटी को गिरफ्तार किया। वारंटी चुल्हारी गांव निवासी लालो प्रसाद का पुत्र पिंटू कुमार है। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
भईया जी की रिपोर्ट
