नवादा : जिला जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय, महावीर मार्केट में पटना स्नातक निर्वाचन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद चुनाव प्रभारी प्रोफेसर जनार्दन प्रसाद सिंह शामिल हुए। इस दौरान नवादा जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। चुनाव प्रभारी प्रोफेसर जनार्दन प्रसाद सिंह ने प्रखंड अध्यक्षों को सभी मतदाताओं का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर उनसे संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुराने मतभेदों को भुलाकर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में काम करें और उन्हें विजयी बनाने के लिए अभियान चलाएं।
प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद जिला जदयू के पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ साथियों से प्रखंड अध्यक्षों के साथ मिलकर काम करने और चुनावी अभियान में सहयोग करने की अपील की। कार्यकर्ताओं से चुनाव को एक अभियान के रूप में लेने को कहा गया। जिला जदयू अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में सक्रिय रूप से जुट जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नवादा में पटना और नालंदा से अधिक मतों से पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में जिला जदयू अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी, बिहार जदयू कार्यकारिणी सदस्य हरि कृपाल, प्रदेश सचिव डॉ. सतीश कुशवाहा, कार्यालय प्रभारी किशोरी सिंह, पूर्व अध्यक्ष ललन कुशवाहा, दीपक कुमार मुन्ना, राजीव रंजन, मीडिया प्रभारी तन्ने पठान, मंजूर आलम, अनवर भट्ट, दिनेश यादव, कार्यालय सचिव लड्डू, वरुण वर्मा, अवधेश कुशवाहा, प्रिया रंजन सिंह, अर्जुन देश प्रेमी, ओम प्रकाश वर्मा, शिव बालक कुशवाहा, अशोक मेहता समेत जिला जदयू के सभी प्रखंड अध्यक्ष मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट
