नवादा : जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं के साथ गलत हरकत करने के आरोप में हेडमास्टर को गिरफ्तार किया गया है। छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर छेड़खानी और गलत नीयत से छूने (बैड टच) का आरोप लगाया। इसके बाद स्कूल में शुक्रवार को जमकर बवाल मचा। स्थानीय लोगों की भीड़ स्कूल में जुट गई और हेडमास्टर पर मारपीट को उतारू हो गई। 8 वीं की छात्राओं का आरोप है कि हेडमास्टर ने उन्हें ऑफिस में ले जाकर उनके साथ गलत काम किया।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सदर प्रखंड में स्थित उत्क्रमति मध्य विद्यालय, आनंदपुरा की है। गिरफ्तार हेडमास्टर की पहचान 52 वर्षीय महेश प्रसाद यादव के रूप में की गई है। वे गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित बिशुनपुर गांव के रहने वाले हैं। हेडमास्टर पर स्कूल की आठवीं कक्षा की कुछ छात्राओं के साथ छेड़खानी व बुरी नीयत से शरीर को टच करने का आरोप लगाया है।
घटना को लेकर स्कूल में जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के बाद आसपास के ग्रामीण भी स्कूल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हेडमास्टर को उनके ऑफिस में बंद कर दिया। वहीं छात्राओं ने इस दौरान स्कूल में जमकर हंगामा किया और हेडमास्टर पर पिछले कई दिनों से इस प्रकार की हरकत करने का आरोप लगाया। इस बीच ग्रामीणों ने डायल 112 को घटना की सूचना दी। डायल 112 ने स्कूल पहुंचने पर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। परंतु लोगों के आक्रोश को देखते हुए नगर थाने की पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने लोगों को शांत कराया और हेडमास्टर को सुरक्षित निकालकर थाने ले आए।
आठवीं की एक छात्रा ने बताया कि वह हेडमास्टर से परीक्षा के लिए कॉपी और प्रश्नपत्र मांगने गई थी। हेडमास्टर उसे ऑफिस में ले गए और उसे गलत नीयत से छूने लगे। इसी कक्षा की एक अन्य छात्रा ने भी आरोप लगाया कि हेडमास्टर ने उसके बाल खींचे। इस बीच छात्रा ने बाहर आकर अपनी अन्य सहेलियों को ये बात बताई। कई अन्य छात्राओं ने भी हेडमास्टर की इस प्रकार की पूर्व में की गई हरकत की उन्हें जानकारी दी। इसके बाद छात्राएं ऑफिस पहुंच गईं और हेडमास्टर पर दस्तावेज आदि फेंककर उन्हें मारने की कोशिश की। हंगामे की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। इस दौरान स्कूल के छात्र एवं छात्राएं कक्षा से बाहर निकल गए। स्कूल में पूरी तरह से अराजकता का माहौल बना रहा।

छात्राओं का आरोप है कि हेडमास्टर द्वारा पहले भी कई बार उनके साथ गलत हरकत की गई। हालांकि, छात्राओं ने इस बात की शिकायत अपने परिजनों से नहीं की थी। एक छात्रा द्वारा शुक्रवार को शिकायत करने के बाद अन्य छात्राओं का भी आक्रोश फूट गया। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि हेडमास्टर पर छेड़खानी एवं गलत नीयत से बैड टच करने के आरोप लगाए गए हैं। छात्राओं की शिकायत पर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर में छेड़खानी एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। हेडमास्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कानून के तहत अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट

