नवादा : जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शिल्प, निर्माण और यंत्रों के अधिष्ठाता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई। इस अवसर पर रेलवे, सरकारी चालक संघ, विद्युत उपकेंद्र समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। पूजा को लेकर सुबह से ही विभिन्न संस्थानों और बाजारों में काफी चहल-पहल बनी रही।
रेलवे के आईडब्ल्यू कार्यालय में वरीय अभियंता तारकेश्वर प्रसाद की अगुवाई में भगवान विश्वकर्मा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान रेलवे के कर्मचारियों ने मशीनों, औजारों और कार्य में उपयोग होने वाले उपकरणों की पूजा कर सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की। पूजा के बाद कर्मचारियों और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
समाहरणालय परिसर स्थित सरकारी चालक संघ की ओर से भी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। संघ से जुड़े चालकों ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। मौके पर चालक संघ के अध्यक्ष विनय कुमार और नागेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य चालक मौजूद रहे। चालकों ने अपने वाहनों और वाहन से जुड़े उपकरणों की पूजा की। पूजा को लेकर संघ परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
शहर के वेल्डिंग प्रतिष्ठानों, आरा मशीनों, लोहा-लकड़ी की दुकानों, ऑटो पार्ट्स प्रतिष्ठानों समेत अन्य दुकानों में विश्वकर्मा पूजा की गई।दुकानदारों और कारीगरों ने मशीनों, औजारों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की साफ-सफाई कर उन्हें सजाया और विधि-विधान से पूजा संपन्न की। कई पूजा स्थलों पर देर रात तक पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट
