नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के एनएच 20 से अपहृत ई रिक्शा चालक से मांगी गई अस्सी लाख की फिरौती का मामला थोड़ा अटपटा लगता है, मगर अंदरूनी बातें इसे सच साबित करती है। बहरहाल अपहरण के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर अपहृत अमांवा के निर्मल कुमार राय उर्फ पप्पू को झारखंड के कोडरमा थानाक्षेत्र अंतर्गत डोमचाच से सकुशल बरामद कर लिया है। बुधवार को इनका रजौली के सिमरकोल के पास से करीब साढ़े ग्यारह बजे उस समय अपहरण कर लिया गया था जब वे सवारी लेकर अमांवा जा रहे थे।
जांच में यह बात सामने आई कि अपहृत के बेटे ने हाल में ही बड़ी धनराशि अर्जित की थी,थार,अर्टिगा और बीएमडब्लयू खरीदी है और वे पटना में लैंड ब्रोकिंग का काम करते हैं। इस दौरान लाइनर की भूमिका निभा रहे अभियुक्त अंकित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी अनुसंधान में लग गयी है। एसपी अभिनव धीमान ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
भईया जी की रिपोर्ट
