नवादा : जैसा कि मैं पूर्व से पुलिस के आला अधिकारियों को चेतावनी दे रहा था वर्तमान थानाध्यक्ष के रहते वह सबकुछ रजौली में होगा जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती। कारण स्पष्ट है थानाध्यक्ष का अपराधियों के साथ सांठगांठ? रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल मोड़ के समीप अहले सुबह करीब 11:30 बजे काली लग्जरी कार में सवार बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक का अपहरण कर लिया। घटना के तुरंत बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों के मोबाइल पर कॉल कर 80 लाख रुपये की फिरौती की मांग कर दी। घटना के बाद थाना परिसर पहुंचे अपहृत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। अपहृत की पहचान अमावां गांव निवासी 50 वर्षीय पप्पू राय के रूप में हुई है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं।
घटना के संबंध में पप्पू राय के पिता धर्मदेव राय ने बताया कि उनका बेटा रजौली बाजार से सवारी लेकर अमावां की ओर आ रहा था। उस समय ई-रिक्शा में पिता धर्मदेव राय समेत कुल सात लोग सवार थे। धर्मदेव राय खुद आगे की सीट पर बेटे के पास बैठे थे। जैसे ही ई-रिक्शा सिमरकोल मोड़ के पास चढ़ाव पर पहुंचा, सामने से आयी एक काली कार ने ई-रिक्शा के आगे गाड़ी लगाकर रोक दिया। कार से तीन बदमाश बाहर निकले और सबके सामने पप्पू राय को जबरन खींचकर कार में बैठा लिया। इसके बाद अपराधी राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर प्राणचक मोड़ की ओर तेजी से फरार हो गया।
गांव के लोगों के अनुसार, पप्पू राय पहले मजदूरी, खलासी और ड्राइवरी का काम करता था। उनके परिवार में दो बेटे निखिल और चंदन तथा एक बेटी है। बड़ा बेटा निखिल पटना में ‘हार्मोनी हाइट्स’ नाम की रियल एस्टेट कंपनी में फ्लैट की खरीद-बिक्री का काम करता है। निखिल ने हाल ही में अपनी कमाई से गांव में नया घर बनवाया था और थार तथा अर्टिगा जैसी गाड़ियां खरीदी थीं। आशंका है कि परिवार की आर्थिक तरक्की को देखकर बदमाशों ने फिरौती वसूलने की नीयत से पप्पू राय को निशाना बनाया। अपहृत के बेटे निखिल ने बताया कि किडनैपर्स बार-बार फोन कर 80 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। पैसे नहीं देने पर पिता को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली एसडीपीओ सह आईपीएस अधिकारी केतन अशोक इंगोले ने रजौली पुलिस को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया । पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से अपराधियों की तलाश में जुटी है। एसडीपीओ ने बताया कि अपहृत के पिता धर्मदेव राय और पुत्र निखिल कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। जल्द ही मामले का खुलासा और अपहृत की सकुशल बरामद करने का दावा पुलिस कर रही है। बावजूद दिन दहाड़े एनएच 20 से अपहरण पुलिस की कार्यशैली व गश्ती की पोल खोलकर रख दी है।
भईया जी की रिपोर्ट