नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार क्षेत्र के सिमरकोल मोड़ से बांके मोड़ तक की मुख्य सड़क की हालत अति जर्जर है। सड़क पर दर्जनों बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं। इनमें नाली और बारिश का पानी जमा होने से पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गयी ह। इससे स्थानीय लोगों, स्कूली छात्राओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार के सुमित कुमार, बब्लू पंडित, रौशन कुमार, मनीष सोनी, मो. शाकिब, अनिल शर्मा, राजेश विश्वकर्मा समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि बजरंगबली चौक, कन्या मध्य विद्यालय, डाकबंगला चौराहा और सरयू धाम के समीप सड़क पर बड़े बड़े गड्ढे हो गये हैं। इन गड्ढों में लगातार पानी जमा रहने से आसपास की सड़कें और अधिक कटकर खराब हो रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से कन्या मध्य विद्यालय पढ़ने आने वाली सैकड़ों छात्राओं को हो रही है। उन्हें रोजाना घुटने भर कीचड़ और जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है.
छात्राओं ने बताया कि जब वे कीचड़ से बचने के लिए सड़क के किनारे चलती हैं, तो गड्ढों से बचने के लिए किनारे से तेज रफ्तार में गुजर रहे बाइक सवारों से दुर्घटना का भय बना रहता है।
बाजार वासियों ने बताया कि कन्या मध्य विद्यालय और बजरंगबली चौक के पास गड्ढे इतने बड़े हो गये हैं कि आये दिन बाइक सवार महिला-पुरुष फिसलकर गिरकर घायल हो रहे हैं। पैदल चलने वाले लोगों के कपड़े भी कीचड़ से सन जा रहे हैं। सरयू धाम के पास स्थिति और भी भयावह है। यहां सड़क के किनारे स्थित गौशाला से गोबरयुक्त कीचड़ बहकर पूरी सड़क पर पसर गया है। इससे पूरे इलाके में असहनीय दुर्गंध फैली हुई है। लोगों को नाक बंद कर आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क अनुमंडल मुख्यालय बाजार की लाइफलाइन है। इसी सड़क से होकर सैकड़ों गांवों के लोग प्रखंड मुख्यालय आते हैं। सड़क की दुर्दशा के कारण ऑटो और छोटे वाहन भी इस रास्ते से आने से कतराते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गयी है।
इस संबंध में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क पर पानी के निरंतर बहने से सड़क टूटने लगती है। उन्होंने बताया कि सड़क के किनारे जलनिकासी और मरम्मत को लेकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय स्वीकृति मिलते ही सड़क मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करवा दिया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट