नवादा : जिले के सदर प्रखंड क्षेत्र के भदोखरा पंचायत अंतर्गत तेतरिया गांव में स्वास्थ्य विभाग की घोर अनियमितता एवं लापरवाही का सनसनी खेज मामला सामने आया है। लाखों रुपए मूल्य की दवाइयां और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट बिना किसी उपयोग के एक्सपायरी डेट में चला गया।

तेतरिया गांव के लोगों की शिकायत पर श्री राज कृष्णा ट्रस्ट के अध्यक्ष सह पूर्व श्रम राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए ट्रस्ट के अधिकारियों को तेतरिया गांव प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेने भेजा। चिकित्सा केंद्र का नजारा आश्चर्यजनक था क्योंकि लगभग एक साल पहले सदर विधायक विभा देवी के पहल पर यहां कई लाख रुपए की दवाइयां , उपस्कर और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट की आपूर्ति की गई थी । पुराने स्कूल भवन में दो कमरे उपलब्ध कराए गए परंतु एक दिन भी यहां कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं आए और न ही कोई सीलबंद पेटियां खोली गई ।
जांच के क्रम में पाया गया कि लगभग सारी दवाइयां या तो डेट एक्सपायर हो चुकी है अथवा कुछ ही महीनों में एक्सपायर होने वाली है। स्वास्थ्य विभाग के इस लापरवाही और अनियमितता पर पूर्व मंत्री ने नराजगी व्यक्त की और कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई का इस तरह दुरुपयोग असहनीय है। सामाजिक कार्यकर्ता अरुण सिंह और ग्रामीण जनता ने कहा कि इतनी मंहगी महंगी दवाइयों के एक्सपायर हो जाने से हमलोगो का कलेजा फटता है क्योंकि एक दिन भी किसी को एक गोली तक नसीब नहीं हुआ। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह जिम्मेवार है।
स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी से मांग की है कि सरकारी संपत्ति और सरकारी राजस्व को इस तरह क्षति पहुंचाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जांच की जाय और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाय । ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की स्थाई नियुक्ति भी हुई है किंतु ये लोग एकतरफ मुफ़्त में घर बैठे वेतन पा रहे हैं तो दूसरी तरफ लाखों रुपए की दवाइयां व चिकित्सा उपकरण पूरी तरह से बर्बाद कर दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि सरकार और जिला प्रशासन का ध्यान नहीं गया 13 गांव की जनता आंदोलन के लिए विवश हो जाएंगे।

भईया जी की रिपोर्ट
