-आक्रोशितों ने किया पथ जाम
नवादा : जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के पौरा गांव के समीप सकरी नदी से बुधवार को लापता आठ वर्षीय बच्चे रौशन कुमार का शव पुलिस ने बरामद किया। रौशन कादिरगंज निवासी शंकर चौधरी का पुत्र था। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार 15 सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे रौशन अपने भाई दिलखुश कुमार के साथ सकरी नदी स्थित सूर्य मंदिर के पास नहाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब रौशन का पता नहीं चला तो परिजनों ने कादिरगंज थाना में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। बुधवार की सुबह पौरा गांव के समीप सकरी नदी में बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद कादिरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।
थानाध्यक्ष अवध किशोर ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है। टीम के पहुंचने के बाद वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जाएंगे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना से आक्रोशित लोगों ने नवादा-पकरीबरावां पथ पर टायर जला घंटों पथ जाम कर दिया। पथ जाम रहने से यात्रियों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में अधिकारियों के समझाने बुझाने के बाद जाम वापस लिया जा सका।
भईया जी की रिपोर्ट

