नवादा : मिशन परिवार विकास अभियान के अंतर्गत परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के सफल संचालन एवं समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा के सहयोग से परिवार नियोजन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली में प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आफताब कलीम एवं प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय के प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । इस अवसर पर जिला सामुदायिक उत्प्रेरक गजेंद्र कुमार, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया से नवीन कुमार पांडेय, सदर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक ऋषभ कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

रैली प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय तक गई तथा पुनः विद्यालय परिसर में वापस लौटी। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में परिवार नियोजन एवं जागरूकता संदेशों से संबंधित तख्तियां लेकर तथा विभिन्न नारों के माध्यम से आमजनों को परिवार नियोजन के महत्व के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान छात्राओं द्वारा “छोटा परिवार, सुखी परिवार”, “हम दो, हमारे दो”, “परिवार नियोजन के अनेक उपाय, जो मन भाए वह अपनाए” तथा “दो बच्चों के बीच का अंतर, सुखी जीवन का है मंत्र” जैसे प्रभावी स्लोगनों के माध्यम से परिवार नियोजन के महत्व का संदेश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का माध्यम नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वस्थ परिवार तथा बेहतर जीवन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण साधन है। परिवार नियोजन के माध्यम से दंपतियों को अपने परिवार के आकार एवं बच्चों के बीच उचित अंतर निर्धारित करने में सहायता मिलती है, जिससे माता एवं शिशु के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
दंपतियों को उनकी आवश्यकता एवं पसंद के अनुसार उपलब्ध विभिन्न परिवार नियोजन साधनों को अपनाने तथा दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से परिवार नियोजन के विभिन्न स्थायी एवं अस्थायी साधनों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

रैली के माध्यम से समुदाय को परिवार नियोजन के उपलब्ध विभिन्न साधनों की जानकारी देते हुए अपनी सुविधा एवं आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त परिवार नियोजन साधन का चयन कर स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की दिशा में कदम बढ़ाने का संदेश दिया गया। साथ ही, परिवार नियोजन सेवाओं के संबंध में सही एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त करने तथा निकटतम स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया।
परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के दौरान जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र दंपतियों तक परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी पहुंचाने एवं इन सेवाओं की स्वीकार्यता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा समुदाय में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों को दूर करने तथा इच्छुक दंपतियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप परिवार नियोजन सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

भईया जी की रिपोर्ट
