नवादा : नगर के महावीर मार्केट स्थित जदयू जिला कार्यालय में जनता दल यूनाइटेड महिला प्रकोष्ठ की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महिला जदयू की प्रदेश अध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य शिवरानी प्रजापति और दक्षिण बिहार महिला जदयू की प्रभारी सुप्रिया रानी शामिल हुईं। बैठक की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष शोभा देवी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए शिवरानी प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का शासनकाल बिहार की महिलाओं के लिए स्वर्णकाल रहा है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी, पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण और छात्राओं को मैट्रिक, इंटर व स्नातक उत्तीर्ण होने पर प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाओं से महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने बीपीएससी पीटी उत्तीर्ण छात्राओं को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की योजना का भी उल्लेख किया। शिवरानी प्रजापति ने महिलाओं से संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में राज्य अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातून समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर की महिला पदाधिकारियों सहित 500 से अधिक महिलाओं ने बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ।
भईया जी की रिपोर्ट