सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत ने एक लड़की को कहीं का नहीं छोड़ा। रील और इनफ्लुएंसर बनने के चक्कर में युवती को दरिंदों ने ऐसा फंसाया कि वह अपना सबकुछ गंवा बैठी। मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां दिल्ली की एक इनफ्युएंसर को मशहूर होने और फॉलोअर्स बढ़वाने का झांसा देकर पहले तो उसे मुजफ्फरपुर बुलाया गया, फिर उसके साथ होटल में रेप किया गया। युवती को झांसा देने और रेप करने का आरोप SSB के एक ASI पर लगा है। पीड़िता ने एसएसबी को इस मामले की शिकायत दी है जिसमें उसने कहा है कि SSB के ASI विकास कुमार और इसके एक साथी राजीव राय ने रील बनाने और फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर उसे मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड में स्थित एक होटल में बुलाकर गैंगरेप किया। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कर आगे कार्रवाई की जा रही है।
जान से मारने की धमकी दे रहे आरोपी
पीड़िता का कहना है कि यौनाचार का विरोध करने और मामले का खुलासा करने पर उसके दो साल के मासूम बच्चे के साथ बर्बरता करने और जान से मारने की धमकी आरोपी दे रहे हैं। महिला ने SSB मुख्यालय में शिकायत दिया है जिसकी जांच चल रही है। इसी बीच अब पीड़िता ने मुजफ्फरपुर पुलिस को भी एक आवेदन दिया है जिसमें कहा गया है कि दोनों आरोपी महिला को बयान बदलने और केस उठाने को लेकर धमकी दे रहे हैं। दूसरी शिकायत मिलने पर अब पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। दिल्ली की रहने वाली युवती ने मीडिया को बताया कि मुजफ्फरपुर में कार्यरत SSB के एक ASI विकास कुमार और उनके साथी राजीव राय से उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आरोपी राजीव राय ने उसके रील को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके सोशल मीडिया के फॉलोअर्स बढ़ाने का झांसा देकर 7 सितंबर 2025 को उसे मुजफ्फरपुर बुलाया। महिला अपने 2 साल के बच्चे के साथ मुजफ्फरपुर पहुंची जहां उसको स्टेशन रोड के एक होटल में पहले उसको ठहराया गया।
अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल की कोशिश
होटल में ASI के साथी राजीव राय ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया और फिर SSB के ASI विकास कुमार के साथ भी उसको अवैध संबंध बनाने के लिए कहा गया। जब पीड़ित महिला द्वारा उसके इस घिनौनी करतूत का विरोध किया गया तो उसके द्वारा महिला के 2 साल के बच्चे की हत्या कर देने की धमकी दी गई। इसके बाद महिला लाचार होकर बच्चे को लेकर वापस दिल्ली लौट गई। दिल्ली लौटने के साथ ही उसके साथ दोनों आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शुरू किया ब्लैकमेलिंग का खेल और फिर डरा धमका कर महिला से आरोपियों द्वारा 20000 वसूल लिया गया। इसके बाद परेशान महिला ने पति को पूरी कहानी बताई। मामले में पीड़िता द्वारा मुजफ्फरपुर पुलिस को एक आवेदन सौंपा गया है जिसमें कहा गया है की पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और जब उसने अपनी बातों को SSB मुख्यालय तक पहुंचाया तो अब आरोपी द्वारा उसे बयान बदलने और केस वापस लेने की धमकी दी जा रही है।