नवादा : जिले के मेसकौर पावर हाउस में 33 केवी लाइन से जुड़े ब्रेकर में तकनीकी खराबी के बाद ब्लास्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार से गुरुवार तक बिजली की सप्लाई फॉल्ट रहने के कारण प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस और गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बताया गया कि मेसकौर पावर हाउस में ब्रेकर ब्लास्ट होने के बाद 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग की लाइनमैन टीम ने मौके पर पहुंचकर खराबी को दूर करने का काम शुरू किया। बाद में MRT (मीटर रिले टेस्टिंग) टीम भी मेसकौर पावर हाउस पहुंच गई, जिसके द्वारा ब्रेकर की तकनीकी जांच और मरम्मत का प्रयास किया जा रहा है।
बिजली विभाग के कर्मियों द्वारा पावर हाउस में खराब पड़े ब्रेकर को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है। विभागीय कर्मियों के अनुसार खराबी दूर होने के बाद ही बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू की जा सकेगी। मरम्मत कार्य में कुछ समय लगने की संभावना है। ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों का कारोबार प्रभावित हुआ है। बिजली पर निर्भर साइबर कैफे, आटा चक्की, वेल्डिंग, मोबाइल रिपेयरिंग समेत कई दुकानों का काम ठप पड़ गया है।
वहीं, घरों में पंखे-कूलर नहीं चलने से लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनीय अभियंता से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से उन्हें बिजली आपूर्ति बहाल होने की स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी। बिजली विभाग की टीम लगातार खराबी दूर करने में जुटी है। ब्रेकर ठीक होने के बाद 33 केवी लाइन को चालू कर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
भईया जी की रिपोर्ट