नवादा : जिले के वारिसलीगंज-खराट पथ पर हिम्स हॉस्पिटल के सामने सौर-चंडीपुर के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से टोटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि हादसे में चार लोग घायल हो गये। मृतक की पहचान चंडीपुर निवासी जतन मांझी के रूप में की गयी है।
बताया जाता है कि टोटो पर सवार होकर लोग जा रहे थे। इसी दौरान सौर-चंडीपुर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जतन मांझी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की जानकारी जुटायी। दुर्घटना में घायल चार लोगों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था और हादसे के बाद वह किस दिशा में गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट