-आईजी ने गठित किया एसआईटी
नवादा : जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचूगढ़ मुहल्लानिवासी प्रणव कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार की सुबह फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से हर पहलू की जांच की। बताया जा रहा है कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगर प्रिंट, कपड़े और अन्य अहम साक्ष्यों को एकत्रित किया है।
टीम ने आधुनिक तकनीक से क्राइम सीन की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की। सूत्रों के अनुसार, टीम करीब एक घंटे तक घटनास्थल पर रही और एक-एक बिंदु को बारीकी से खंगाला। जुटाए गए साक्ष्यों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा, जिससे हत्या में इस्तेमाल हथियार और अपराधियों के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान थाने की पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गौरतलब है कि प्रणव कुमार उर्फ पीयूष की हत्या से इलाके में सनसनी फैली हुई है। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। दूसरी ओर मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है।
भईया जी की रिपोर्ट