नवादा : ज़ी हां! विकास देखना हो तो गोविंदपुर प्रखंड मुख्यालय बाजार आइये। पूर्व से लेकर वर्तमान सांसदों,विधायकों, विधान पार्षदों ने क्या हाल कर दिया है। हालात देखकर किसी को भी शर्म आ जाय, भले जन-प्रतिनिधियों को दिखाई न दे। गोविंदपुर चौक से अस्पताल से लेकर दरमनियां बाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़कें बदहाल है। इसी पथ पर इंटर विद्यालय भी है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण राहगीरों के साथ छात्र-छात्राओं का पैदल चलना तक मुश्किल है। स्थानीय लोग गंदे पानी और कीचड़ से होकर आने-जाने को विवश हैं। हल्की बारिश हाेने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। गोविंदपुर चौक पर बसे घरों एवं दुकानों से निकलने वाले गंदा पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर बह रहा है।
हालांकि समस्या के समाधान को लेकर बीडीओ कुमार शैलेंद्र, थानाध्यक्ष विजय कुमार एवं तत्कालीन अंचलाधिकारी संजीव कुमार के प्रयास से पंचायती राज विभाग द्वारा गोविंदपुर चौक पर करीब 100 फुट नयी नाली का निर्माण कराया गया। इससे लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नाली का निर्माण पर्याप्त दूरी तक नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी। नतीजतन चौक के आसपास का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
बताया जाता है कि गोविंदपुर-बरेव मुख्य सड़क के निर्माण के दौरान संवेदक मेसर्स सुरेंद्र एंड कंपनी द्वारा सड़क के किनारे नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन कई वर्ष बीत जाने के कारण नाली पूरी तरह मिट्टी, कचरा और गाद से भर चुकी है। जल निकासी बाधित होने के कारण नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है। नाली की सफाई कराने के उद्देश्य से इसके ऊपर बने ढक्कन को जेसीबी के माध्यम से तोड़वाया गया था, ताकि नाली के अंदर जमा गाद एवं कचरे को निकाला जा सके बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया।
अस्पताल, हाइस्कूल सहित गोविंदपुर डीह और सकरी नदी पार बसे गांव महाबरा सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की ओर यह सड़क जाती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, मरीज और उनके परिजन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
दरमनियां बाजार में भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि गोविंदपुर चौक से अस्पताल रोड तक जल निकासी के लिए पर्याप्त दूरी तक नयी नाली का निर्माण कराया जाए, पुरानी नाली की सफाई कराने के साथ सड़क का पक्कीकरण जरूरी है।
भईया जी की रिपोर्ट