नवादा : जिले के मोतनाजे-मधुबन में जमीन अधिग्रहण और किसानों की फसल को नुकसान पहुंचाने के मुद्दे पर संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा ने 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे किसानों के साथ जिलाधिकारी से जवाब मांगने और फसल क्षति का पर्याप्त मुआवजा देने की मांग उठाने की घोषणा की है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को नवादा जिले से लेकर पूरे बिहार में व्यापक रूप दिया जाएगा।

किसान नेता अशोक प्रसाद सिंह, दिनेश कुमार, कपिल देव प्रसाद और पवन कुमार ने जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. नेताओं ने आरोप लगाया कि मोतनाजे-मधुबन में किसानों की जमीन अधिग्रहित करने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल कर भय का माहौल बनाया गया और तैयार धान की फसल को नष्ट किया गया। किसान नेताओं के अनुसार, किसानों ने अपनी मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी। फसल बर्बाद होने से उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नुकसान के बावजूद किसानों को अब तक पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है।
किसान नेताओं ने भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में सामाजिक प्रभाव आकलन, किसानों की सहमति और मुआवजे से जुड़े प्रावधानों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों की सहमति और उचित मुआवजे से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन किए बिना जमीन लेने की कोशिश का विरोध किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि इस मामले में कई बार किसान महापंचायत के माध्यम से विरोध जताया गया है, लेकिन अब तक किसानों की मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी के समक्ष किसानों की समस्याएं उठाने और फसल क्षति का पर्याप्त मुआवजा देने की मांग करने का ऐलान किया है। किसान नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान नेताओं ने जमीन और आजीविका की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर मोतनाजे-मधुबन के किसानों के साथ जिले और बिहार के अन्य क्षेत्रों के किसान भी आंदोलन में शामिल होंगे।

भईया जी की रिपोर्ट
