नवादा : जिले के मशहूर मॉडर्न शैक्षणिक समूह द्वारा मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंतीनगर के विशाल परिसर में गोस्वामी तुलसीदास जयंती सप्ताह के अवसर पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक संगीतमय श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। इस समारोह में विभिन्न संस्थाओं के 5000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने एक साथ बालकांड के सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ और श्रीराम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद का संगीतमय पाठ कर पूरे वातावरण को भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर कर दिया।

भगवा परिधान और चंदन तिलक लगाए विद्यार्थियों के इस अनुशासित आयोजन में रामानंद सागर कृत ‘रामायण’ धारावाहिक में श्रीराम की अविस्मरणीय भूमिका निभाने वाले अभिनेता व मेरठ के सांसद अरुण गोविल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य अतिथि अरुण गोविल, संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार तथा डॉ. शैलेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में हजारों बच्चों का एक साथ मानस पाठ करना विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के विकास का एक अनूठा प्रयास है। वहीँ, मुख्य अतिथि अरुण गोविल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सच्ची सफलता केवल अच्छे अंक लाने में नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनने में है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सत्य, धैर्य, मर्यादा और संयम को आत्मसात करने का आह्वान किया। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुज कुमार और सचिव डॉ. शैलेश कुमार ने कहा कि रामचरितमानस भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर है, जो हमें परिवार, प्रेम, त्याग और मर्यादा की सीख देती है।
मंच पर 11 छात्राओं (अनुराधा, साक्षी, प्रिया, रिद्धिमा आदि) ने मुख्य गायन किया, जिसमें प्रसिद्ध तबला वादक नंदन झा ने संगत की। लगभग तीन घंटे तक चले इस पाठ का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और अभिभावकों में मुख्य अतिथि अरुण गोविल के साथ तस्वीर और सेल्फी लेने का भारी उत्साह देखा गया। ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन नवादा में शिक्षा, संस्कृति और संस्कारों के अद्भुत संगम की छाप छोड़ गया।

भईया जी की रिपोर्ट
