नवादा : तुलसी जयंती के पावन अवसर पर आगामी 23 अगस्त को मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंतीनगर में भव्य तुलसी जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता और मेरठ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल का नवादा की धरती पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।
इस अवसर पर मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, नवादा के करीब 5 हजार छात्र-छात्राएं एक साथ श्रीरामचरितमानस के ‘धनुष यज्ञ’ और ‘सीता स्वयंवर’ प्रसंग का सामूहिक संगीतमय गायन प्रस्तुत करेंगे। हजारों विद्यार्थियों की सामूहिक सहभागिता से आयोजित होने वाला यह अनूठा और भव्य सांस्कृतिक आयोजन गोस्वामी तुलसीदास की अमर कृति रामचरितमानस के प्रति श्रद्धा और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को समर्पित होगा।
आयोजकों के अनुसार, अरुण गोविल की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर एक वीडियो प्रसारित किया गया है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने समारोह में अपनी सहभागिता की जानकारी दी है। उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर संस्थान और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। मॉडर्न ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से समस्त जिलावासियों से इस ऐतिहासिक और भव्य तुलसी जयंती समारोह में शामिल होने की अपील की है।
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, रामचरितमानस और तुलसीदास की रचनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। संस्थान के निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि जिले के लोगों को आधुनिक युग के श्रीराम कहे जाने वाले अरुण गोविल के स्वागत और अभिनंदन का विशेष अवसर मिला है। उन्होंने जिलावासियों से इस आयोजन का साक्षी बनने और समारोह में सहभागी बनने की अपील की।
भईया जी की रिपोर्ट