नवादा : एन एच 20 से अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगर के सद्भावना चौक के पास अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। एनएचएआई की ओर से सड़क चौड़ीकरण के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में चौक के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
कई स्थानों पर बने मकानों को तोड़ा गया
अभियान के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमित कई स्थानों को हटाया गया। इस क्रम में कुछ जगहों पर बने मकानों के हिस्सों को भी तोड़ा गया। प्रशासन की ओर से लोगों को सड़क और अन्य सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी।
कार्रवाई के दौरान लोगों में दिखा आक्रोश
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों का आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना था कि उन्हें इस कार्रवाई के संबंध में पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी। अचानक बुलडोजर चलाए जाने से कई लोगों में नाराजगी देखी गई।
सर्विस लेन और सड़क निर्माण को लेकर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क के दोनों किनारों पर सर्विस लेन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर भी स्पष्टता होनी चाहिए। लोगों का कहना था कि राष्ट्रीय राजमार्ग के कई हिस्सों में अब तक सर्विस लेन का निर्माण नहीं किया गया है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की।
भईया जी की रिपोर्ट