नवादा : जिले के गोविन्दपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक विनीता मेहता के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) जिला प्रवक्ता पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने मामले में दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर ‘नीरज यादव’ के नाम से संचालित अकाउंट से विधायक विनीता मेहता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है।

उन्होंने बताया कि मामले को लेकर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिला प्रवक्ता ने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट से गोविन्दपुर विधायक के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान नहीं, बल्कि एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र, अश्लील अथवा अपमानजनक टिप्पणी करना समाज में वैमनस्य और दुर्भावना फैलाने का प्रयास हो सकता है।
ऐसे मामलों को प्रशासन को गंभीरता से जांच करते हुए दोषी व्यक्ति की पहचान कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। किसी भी महिला के खिलाफ अभद्र या अपमानजनक टिप्पणी को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन और साइबर पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट

