वैशाली सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीग्गी इलाके में आज गुरुवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले हाजीपुर के बड़े ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह रोज की तरह तड़के करीब 5 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और कुछ दूर उन्हें खदेड़ने के बाद जंगल में करीब से एक के बाद एक 10 गोलियां मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और व्यवसायियों समेत स्थानीय लोगों में आक्रोश है। हत्या की यह सारी वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बताया जाता है कि ठेकेदार रामनरेश राय रोज की भांति आज गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वह सड़क पर सामान्य रूप से टहल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि अपराधियों ने रामनरेश राय से कुछ बातचीत की। इसके बाद स्थिति को भांपते हुए रामनरेश राय ने वहां से भागने की कोशिश की। सीसीटीवी में दिख रहा है कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे दो अपराधी तुरंत नीचे उतरे और रामनरेश राय का पीछा करते हुए पास के जंगल की ओर भागे। इसी दौरान अपराधियों ने जंगल में उन्हें फिर घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। गोलीबारी में ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
सुबह-सुबह हत्या की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद वैशाली एसपी FSL की टीम लेकर पहुंचे। पुलिस मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के अलावा लोकल लोगों से जानकारी जुटा रही है। वैशाली एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय व्यवसायियों में खौफ का माहौल है। मृतक राम नरेश राय अपने घर पर माता-पिता के साथ रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहकर उनके इकलौते बेटे की पढ़ाई-लिखाई संभाल रही हैं। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सभी भागे—भागे अस्पताल पहुंचे।