नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के चंद्रशेखर नगर में चोरों ने एक मुर्गी फार्म को निशाना बनाया। करीब 1500 मुर्गियां चोरी कर लीं, जिनकी कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरों ने फार्म की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देने के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरों व अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वैसे कई कैमरों में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई।
फार्म में कार्यरत गौतम कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से यहां काम कर रहे हैं और पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मुर्गियों की चोरी पहली बार हुई है। घटना के बाद पुलिस को आवेदन दिए जाने की तैयारी है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट