नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत मधुरापुर गांव निवासी ट्रक चालक स्व. रामलखन यादव उर्फ पुरैल यादव की 1 जुलाई को दिल्ली में सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद वाहन चालकों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। चालकों ने आपसी सहयोग से जुटाई गई 17,79,384 रुपये की आर्थिक सहायता राशि मृतक के परिजनों को प्रदान की। जय बजरंगबली ड्राइवर व्हाट्सऐप ग्रुप के मीडिया प्रभारी मुंद्रिका मुसाफिर ने बताया कि करीब 800 वाहन चालकों के सहयोग से चंदा एकत्र किया गया।
इसके बाद यह राशि ऑनलाइन माध्यम से मृतक की पत्नी एवं अन्य स्वजनों के बैंक खातों में भेजी गई। उन्होंने बताया कि इस सहयोग अभियान को सफल बनाने में गोपाल कुमार, मुकेश कुमार यादव, रामबालक यादव, अजय यादव, जयपाल यादव, उमेश यादव तथा कौशल कुमार उर्फ छोटू सहित कई साथियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नवादा, जमुई और शेखपुरा जिले के विभिन्न गांवों से जुड़े वाहन चालकों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्व. रामलखन यादव अपने पीछे पत्नी भगिया देवी, दो पुत्रियों और दो पुत्रों सहित चार बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी असामयिक मृत्यु के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए वाहन चालकों ने एकजुट होकर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। वाहन चालकों की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की पूरे प्रखंड क्षेत्र में सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार का सहयोग समाज में भाईचारे, एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण है। ऐसे प्रयास जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में संबल देने का कार्य करते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट