नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार बभनटोली गांव से चोरी हुई पैशन प्रो बाइक को पुलिस ने बिराज गांव से बरामद कर लिया है। चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रजौली थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोर अब घर के बाहर खड़ी बाइक को भी निशाना बना रहा है। मामला बभनटोली गांव का है। घर के दरवाजे पर खड़ी बाइक चोरी कर ली गई। पुलिस की सक्रियता से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई है, लेकिन आरोपी अब भी फरार हैं।
बभनटोली निवासी राजदेव प्रसाद सिंह के पुत्र श्रीराम शर्मा ने रजौली थाने में आवेदन देकर बताया कि 30 जुलाई की रात उन्होंने अपनी काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (संख्या- BR 27D 9740) घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। सुबह उठने पर बाइक वहां नहीं मिली। काफी खोजबीन के बावजूद जब बाइक का कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि बाइक चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अनुसंधान के दौरान थाने में पदस्थापित एएसआई रवि कुमार ने चोरी की बाइक को थाना क्षेत्र के बिराज गांव से बरामद कर लिया। पुलिस ने बाइक बरामद कर लिया है, लेकिन चोरी की घटना में शामिल आरोपित अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है और बाइक चोरी में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
भईया जी की रिपोर्ट