नवादा : जिले के वारिसलीगंज प्रखंड क्षेत्र के मकनपुर गांव के लिए बेहद गौरव और खुशी का अवसर बन गया है। गांव के दो होनहार युवाओं सूरज कुमार एवं शुभम कुमार ने बिहार सरकार में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव, प्रखंड और जिले का नाम रोशन किया है। शुभम कुमार, मकनपुर निवासी वाल्मीकि सिंह के पौत्र तथा सर्वेश कुमार उर्फ बबलू सिंह एवं शिक्षिका कुमारी सविता के पुत्र हैं।
वहीं सूरज कुमार, प्रख्यात मगही साहित्यकार सह पत्रकार स्वर्गीय राम रतन प्रसाद सिंह ‘रत्नाकर’ के पौत्र तथा दैनिक भास्कर के पत्रकार सुजीत कुमार के पुत्र हैं। दोनों युवाओं की शानदार सफलता से पूरे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल है। ग्रामीण एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर और शुभकामनाएँ देकर अपनी खुशीयां व्यक्त कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से मकनपुर गांव लगातार शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में नई-नई सफलताएँ हासिल कर रहा है। गांव के युवा मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। अब सूरज कुमार और शुभम कुमार की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
भईया जी की रिपोर्ट