नवादा : जिला बुद्धिजीवी विचार मंच के बैनर तले जिले के नरहट प्रखंड स्थित दुलम बिगहा गांव में शिक्षा जागरूकता प्रभातफेरी का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस गांव में इससे पूर्व भी तीन बार शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है, और आज एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
प्रभातफेरी में अबधेश कुमार, चंदेश्वर यादव, रामबिलास प्रसाद, दिलीप पासवान, अजय कुमार, व्यास जी सहित मंच के अन्य साथियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रभातफेरी के दौरान चंदेश्वर जी, दिलीप जी एवं व्यास जी ने प्रेरणादायक शिक्षा-जागरण गीत प्रस्तुत किऊ। सभी ने गांव की प्रत्येक गली का भ्रमण करते हुए गीतों और नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
सभा को संबोधित करते हुए अबधेश कुमार ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रेरित करें। विश्वास है कि शिक्षित बच्चा ही परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक एवं उत्साहवर्धक रहा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का उत्साह, सहभागिता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण वास्तव में देखने योग्य था। यही सहयोग हमारे अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
भईया जी की रिपोर्ट