नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने नवादावासियों को खुश होने का पुनः एक अवसर दे दिया है। जिला दंडाधिकारी सह समाहर्ता ने अपने निजी एक्स हैंडल से नवादा-पावापुरी नई ब्राड गेज रेल लाईन के निर्माण को लेकर भूमि अधिग्रहण कार्य को आगे बढ़ाने की खुशखबरी साझा की है। नवादा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने पूर्व मध्य रेलवे के राजगीर सेक्शन उप मुख्य अभियंता को पत्र भेजा है। जिसमें भूमि अधिग्रहण संबंधित धारा 20(क) की उपधारा एक के तहत अधिसूचना प्रकाशित करना है। डीएम ने बताया है कि जिले के 14 राजस्व ग्राम की करीब 151 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। ये जमीनें मुख्यतः नवादा सदर अंचल और वारिसलीगंज अंचल की है। भूमि अधिग्रहण करने के पूर्व अधिसूचना का प्रकाशन होगा। जिसके बाद कार्य को आगे बढाया जाएगा।
नवादा-पावापुरी नई ब्राड गेज रेललाईन निर्माण के अंतर्गत नवादा और वारिसलीगंज अंचल के 14 राजस्व ग्राम शामिल है। मुख्य रूप से नवादा सदर अंचल का राजस्व ग्राम आनन्दपुरा (366), कादिरगंज चादर नंबर-दो (452), कादिरगंज चादर नंबर-एक (452), उड़सा (450), भोला बिगहा (449), समाय चादर नंबर-चार (447), पछियाडीह (446), समाय चादर नंबर-एक (447) और वारिसलीगंज अंचल का राजस्व ग्राम मोहिउद्दीनपुर (439), कुम्भी चादर नंबर-एक (437), मुरगिया चक (466), बड़रावा चादर नंबर-तीन (467) व बड़रावां चादर नंबर-एक (467) की करीब 151 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए चिह्नित की गई है।
नवादा से पावापुरी को जोड़ने के लिए 25.10 किमी ब्राड गेज रेललाईन को केन्द्र सरकार ने स्वीकृति दे दी है। प्रारंभिक तौर पर 492.14 करोड़ रुपये रेललाईन के निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि यह रेल लाईन नवादा से पावापुरी रोड स्टेशन तक जाएगी। फिलहाल, भूमि अधिग्रहण के लिए अधिसूचना प्रकाशन का दौर चल रहा है। अधिसूचना प्रकाशित होने के बाद प्रभावित भूमि का सत्यापन, मूल्यांकन और मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया चलेगी। भूमि मालिकों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही भू-स्वामियों को अपनी बात रखने का भी अवसर मिलेगा। अधिसूचना जारी होने के 30 दिनों तक रैयत अपनी बात रखने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को लिखित आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
भईया जी की रिपोर्ट