नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के अंतर्गत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जिला स्तर पर समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने की। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 66 शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया।
जनसुनवाई के दौरान थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम बलवापर निवासी बच्चू महतो द्वारा वृद्धा पेंशन से संबंधित, थाना हिसुआ अंतर्गत ग्राम गंजपर निवासी मंजू देवी द्वारा भूमि विवाद से संबंधित, थाना हिसुआ अंतर्गत ग्राम हदसा निवासी मेघन चौहान द्वारा चापाकल लगवाने से संबंधित तथा थाना रजौली अंतर्गत डीह रजौली निवासी संदीप कुमार द्वारा परिमार्जन प्लस से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जनसुनवाई में रखी गईं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इसी क्रम में अपर समाहर्ता, नवादा तथा नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल कार्यालयों सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
भईया जी की रिपोर्ट