नवादा : नवादा से शेखपुरा और बिहारशरीफ होते हुए पटना जाने वाली यात्रियों की लाइफलाइन मानी जाने वाली ट्रेन संख्या 63390 गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इंजन स्टार्ट होते ही उसका वैक्यूम पाइप फट गया, जिससे ट्रेन का पूरा प्रेशर खत्म हो गया और ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रह गयी।
इंजन स्टार्ट होते ही फट गया वैक्यूम पाइप
अचानक आई खराबी के कारण यात्रियों को करीब चार घंटे तक भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय सुबह 5 बजे खुलने वाली यह ट्रेन अंततः दूसरी इंजन लगाकर सुबह करीब 9 बजे पटना के लिए रवाना की गई।
आरपीएफ ने यात्रियों को कराया शांत
ट्रेन के लंबे समय तक नहीं खुलने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यात्री टिकट वापसी की मांग को लेकर स्टेशन प्रबंधक के कार्यालय पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को मौके पर बुलाया गया। जवानों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।
यात्रियों को करना पड़ा परेशानियों का सामना
ट्रेन नवादा से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। खासकर मरीज, छात्र, प्रतियोगी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी, नौकरीपेशा लोग और व्यापारी इसी ट्रेन पर निर्भर रहते हैं। सुबह 5:15 बजे खुलकर लगभग 9:30 बजे पटना पहुंचने वाली यह सेवा जिले की लाइफलाइन कही जाती है। इसके चार घंटे विलंब होने से यात्रियों की दिनभर की योजनाएं प्रभावित हो गईं।
सुबह 9 बजे रवाना हुई ट्रेन
स्टेशन प्रबंधक मुनेश्वर प्रसाद ने बताया कि इंजन स्टार्ट करते ही वैक्यूम पाइप फट गया और नट-बोल्ट भी निकल गए, जिससे प्रेशर सिस्टम फेल हो गया। तकनीकी खराबी तत्काल ठीक नहीं हो सकी, इसलिए दूसरी इंजन मंगाई गई और ट्रेन को सुबह 9 बजे रवाना किया गया। करीब चार घंटे बाद ट्रेन के रवाना होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली, हालांकि उन्होंने रेलवे से इस महत्वपूर्ण सेवा के नियमित रखरखाव और समय पर संचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
भईया जी की रिपोर्ट