बेतिया : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार रात एक मां ने कथित तौर पर अपनी ही छह महीने की मासूम बच्ची की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने खुदकुशी करने की भी कोशिश की। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले कर मामले की तफ्तीश कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आठ बजे छह माह की मासूम पूजा कुमारी लगातार रो रही थी। उसकी मां उसे चुप कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जब बच्ची शांत नहीं हुई, तो महिला ने गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले हसुए (दरांती) से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्ची पर हमला करने के बाद महिला ने उसी हसुए से अपने गले पर वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर बच्ची की दादी तुरंत कमरे में पहुंचीं और सूझबूझ दिखाते हुए महिला के हाथ से हथियार छीन लिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आस-पड़ोस के लोगों को इकट्ठा किया और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मृत बच्ची के पिता सुनील दास चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं और घटना के वक्त वह घर पर नहीं थे। पुलिस ने मृत बच्ची की दादी के आवेदन पर गोपालपुर थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और घटना में इस्तेमाल किए गए हसुए को जब्त कर लिया है।
घटना के सम्बन्ध में गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि डॉक्टरों और विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए GMCH, बेतिया भेज दिया है। वहीं, आत्महत्या के प्रयास में घायल हुई महिला के गले पर चार टांके आए हैं और अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर सभी कानूनी और चिकित्सकीय पहलुओं से जांच कर रही है।