अरवल -जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने वादों के निष्पादन की वर्तमान स्थिति, राजस्व वसूली की प्रगति तथा लंबित मामलों के कारणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन एवं बकाया राजस्व की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि नीलाम पत्र वादों का समयबद्ध निष्पादन राजस्व संग्रहण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाई जाए तथा वादों के निष्पादन में आने वाली बाधाओं का शीघ्र समाधान किया जाए। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नीलाम पत्र वादों से संबंधित सभी अभिलेख एवं अद्यतन विवरण समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में वसूली की पर्याप्त संभावना है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि नीलाम पत्र वादों के निष्पादन से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से तैयार कर जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, लंबित वादों की संख्या में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी राजस्व हितों की रक्षा के प्रति गंभीरता बरतें तथा नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नीलाम पत्र वादों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया तथा वसूली कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, राजस्व पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट