नवादा : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभाकर झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सांकेतिक अर्थी जुलूस निकालकर शहर के विभिन्न मार्गों से प्रदर्शन किया और भगत सिंह चौक पर पहुंचकर पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री झा ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों में मानसिक तनाव बढ़ा है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा एनटीए को भंग करने की मांग की। प्रदेश प्रतिनिधि बलिराम सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शम्मा प्रवीण ने कहा कि महंगाई के कारण महिलाओं का घरेलू बजट बिगड़ गया है। प्रदर्शन में गोपाल कुमार, मोहम्मद सुलतान अंसारी, नौशाद खान, विनय कुमार, रामजन्म सिंह, संतोष कुमार, विक्की मल्होत्रा, इंदु कुमारी सिन्हा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भईया जी की रिपोर्ट