तेज प्रताप यादव के पटना स्थित सरकारी आवास में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार उनके घर से 20 लाख रुपये कैश और सोना-चांदी सहित अन्य सामान चोरों ने टपा लिया। इस संबंध में तेज प्रताप ने अपने PA मोतीलाल राय को ही अभियुक्त बताते हुए उनपर लाखों की नकदी, सोने के गहने और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लेने का आरोप लगाया है। मामले में तेज प्रताप ने पटना के सचिवालय थाना में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने तहरीर में बताया कि 22 जून की रात्रि साढ़े 11 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और उनके साथ रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर भागते हुए देखा। दोनों व्यक्ति इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाह हैं कि उक्त चोरी मोतीलाल राय द्वारा की गई है।
तेज प्रताप ने अपनी शिकायत में यह कहा है कि उनके आवास से 20 लाख रुपये नकद, 2 तोला सोने की चेन, 1 सोने की अंगूठी, 2 हार्ड डिस्क, 4 पेन ड्राइव, एक iPad, एक MacBook लैपटॉप और एक Lenovo लैपटॉप के अलावा 4 iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन चोरी हो गए। इसके अलावा शिकायत में कहा गया है कि 22 जून 2026 को उनके घर में पार्टी फंड के 20 लाख रुपये रखे थे। आरोपी वह भी चुराकर ले गया। घटना वाली रात करीब साढ़े 11 बजे ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर घर से निकलते देखा था। इसी आधार पर चोरी में उसकी संलिप्तता की आशंका जताई जाती है। तेज प्रताप यादव ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी गए नकदी और सामान की बरामदगी की मांग की है।
जेजेडी नेता की शिकायत मिलने के बाद सचिवालय थाना पुलिस ने तेज प्रताप के सरकारी आवास पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आवास के कर्मचारियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की पड़ताल और कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। मालूम हो कि यह पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप यादव के आवास से चोरी की शिकायत सामने आई हो। साल 2022 में भी उन्होंने अपने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी चंदन के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया था। उस समय आरोप लगाया गया था कि कर्मचारी आईफोन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया था।