पटना/बाढ़: बिहार के उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने बाढ़ अनुमंडल स्थित नवनिर्मित निबंधन कार्यालय भवन का फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गरिमा लोहिया, स्थानीय विधायक डॉ. सियाराम सिंह, बख्तियारपुर विधायक अरुण कुमार शाह, नगर अध्यक्ष संजय कुमार सहित निबंधन एवं उत्पाद विभाग के कई अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि राज्य के सभी पुराने निबंधन कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं हाईटेक बनाया जाएगा। इससे निबंधन, विवाह पंजीकरण एवं अन्य कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
निबंधन शुल्क में वृद्धि से संबंधित पत्रकारों के प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि 13 वर्षों के बाद निबंधन शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। प्रारंभिक दौर में लोगों को कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन दीर्घकाल में इससे आमजन को बेहतर सेवाएं मिलेंगी तथा सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न शहरों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जिससे किसानों को उचित लाभ प्राप्त होगा।कार्यक्रम के दौरान मंत्री मदन सहनी ने निबंधन कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा कर्मचारियों द्वारा बनाई गई रंगोली का निरीक्षण कर उनकी सराहना की।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट