अरवल – राज्य सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त सप्ताह (17 जून 2026 से 26 जून 2026) के अंतर्गत जिले में नशा उन्मूलन एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन, अरवल के तत्वावधान में नारायण युवा कला जत्था, मसौढ़ी द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा अरवल प्रखंड के जनकपुर धाम, कलेर प्रखंड के कलेर बाजार तथा सोनभद्र बंशी सूर्यपुर प्रखंड के सोनभद्र बाजार में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया।
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है तथा इससे आर्थिक, सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अरवल द्वारा लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है और सामूहिक प्रयासों से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय, गीत-संगीत एवं संवादों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्त सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, प्रचार-प्रसार एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट