बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ने राज्य के नए महाधिवक्ता की नियुक्ति कर दी है। जानकारी के अनुसार पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एसडी संजय को बिहार का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। बिहार सरकार के विधि विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार एसडी संजय पदभार ग्रहण करने की तिथि से बिहार के महाधिवक्ता के रूप में कार्यभार संभालेंगे। नए महाधिवक्ता का पूरा नाम सत्यदर्शी संजय है। वे निवर्तमान महाधिवक्ता पीके शाही का स्थान लेंगे। कानूनी हलकों में एसडी संजय को एक बेहद गंभीर, सुलझा हुआ और कानून का विशद् ज्ञाता माना जाता है। पटना हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक उनके लंबे ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए सम्राट सरकार ने राज्य का पक्ष मजबूती से रखने के लिए उन पर बड़ा भरोसा जताया है।
संविधान के अनुच्छेद 165 (1) के तहत राज्यपाल की ओर से उनकी नियुक्ति के लिए यह आदेश आधिकारिक रूप से जारी किया गया है। एसडी संजय हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील होने के साथ-साथ देश के सुप्रीम कोर्ट में भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। महाधिवक्ता किसी भी राज्य का सर्वोच्च विधिक अधिकारी होता है जो राज्य सरकार को संवैधानिक और कानूनी मामलों में सलाह देता है। इसके अलावा उच्च न्यायालय में राज्य सरकार की ओर से महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी भी करता है। राज्य सरकार की कानूनी रणनीति तय करने में महाधिवक्ता की अहम भूमिका होती है।
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 165 राज्य के महाधिवक्ता की नियुक्ति का प्रावधान करता है। इसके तहत राज्यपाल ऐसे व्यक्ति को महाधिवक्ता नियुक्त करते हैं, जो उच्च न्यायालय के न्यायाधीश बनने की योग्यता रखता हो। महाधिवक्ता राज्य सरकार के प्रमुख कानूनी सलाहकार के रूप में कार्य करता है। एसडी संजय महाधिवक्ता बनने के बाद राज्य सरकार से जुड़े संवैधानिक, प्रशासनिक और महत्वपूर्ण कानूनी मामलों में अहम भूमिका निभाएंगे। राज्य सरकार की ओर से होने वाली प्रमुख पैरवी और कानूनी सलाह की जिम्मेदारी उनके कंधों पर रहेगी।