नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोर श्रम निषेध सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल 2026 तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि अवैध खनन के विरुद्ध कुल 251 छापेमारी की गई, 33 प्राथमिकी दर्ज की गई, 08 गिरफ्तारियां की गईं तथा 116 वाहनों को जप्त किया गया।
इस अवधि में 139.40 लाख रुपये की वसूली भी की गई। राजस्व समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13,657.04 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 13,750.75 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 1,040.69 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ है। जिला पदाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु प्रभावी एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण से जिले में विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण में भी सहायता मिलेगी। साथ ही संभावित गांजा खेती वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान पाया गया कि उत्पाद विभाग की बरामदगी में वृद्धि हुई है, जबकि पुलिस पक्ष की बरामदगी अपेक्षाकृत कम रही है। आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने देसी शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित कर कार्रवाई करने तथा चौकीदारी परेड के माध्यम से चौकीदारों से सूचना प्राप्त कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विनष्टीकरण की समीक्षा के क्रम में पुलिस एवं उत्पाद विभाग के स्तर पर कुल 20,537 लीटर शराब का विनष्टीकरण लंबित पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने चिंता व्यक्त की तथा शीघ्र विनष्टीकरण की कार्रवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया।
वाहनों की नीलामी की समीक्षा में पाया गया कि 392 वाहन नीलामी हेतु लंबित हैं। बताया गया कि 19 जून 2026 से 47 वाहनों की नीलामी के संबंध में विज्ञापन प्रकाशित किया गया। वहीं 56 वाहनों का मूल्यांकन प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है, जिसे मूल्यांकन समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है। जिला पदाधिकारी ने वाहनों की नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में सीमावर्ती थानों को आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर विशेष चौकसी बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली, डीएसपी मुख्यालय, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट