नवादा : जिले में वर्षों से कार्यरत चतुर्थवर्गीय अस्थायी कर्मचारी एवं उम्मीदवार अनुसेवक अपने स्थायीकरण की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। आंदोलनकारियों द्वारा समाहरणालय के समीप रैन बसेरा में शांतिपूर्ण धरना एवं प्रदर्शन किया गया, जिसमें स्थायीकरण की एक सूत्री मांग प्रमुख रही। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे कई दशकों से विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं, बावजूद इसके अब तक उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल सका है।
इस संबंध में पटना उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में मगध प्रमंडल, गया के आयुक्त कार्यालय ने नवादा जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।आयुक्त कार्यालय से जारी पत्र में नवल पासवान एवं दिलीप कुमार द्वारा दिए गए संयुक्त अभ्यावेदन का उल्लेख करते हुए संबंधित तथ्यों और पटना उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार नियमानुकूल कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया है कि उच्चस्तरीय निर्देशों के बावजूद मामले में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए स्थायीकरण की दिशा में ठोस एवं सकारात्मक पहल करने की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे अपने आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।
भईया जी की रिपोर्ट