कटिहार के कोढ़ा थानांतर्गत जुराबगंज में NH-31 पर आज शनिवार तड़के 3 बजे एक स्लीपर बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बेकाबू होकर सीधे सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 50 लोगों में से 35 घायल हो गए, जिनमें 12 की हालत नाजुक बताई जाती है। आनन-फानन में घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से 12 गंभीर रूप से घायल लोगों को पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस के अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत कोढ़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
12 यात्रियों समेत कार सवार पूर्णिया रेफर
बस से टकराने वाली कार में सवार लोगों को भी शुरुआती इलाज के बाद पूर्णिया भेजा गया है। बाकी 23 घायलों की हालत स्थिर बताई जाती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुई बस नवादा से आ रही थी। बस में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे जो नवादा जिले के एक ईंट भट्टे में काम करने के बाद मजदूर अपने घर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे थे। बस ड्राइवर कृष्ण दास ने बताया कि अचानक सामने से आई कार से टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस आई थी। वाहन को कब्जे में लेकर हमलोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं मजदूर आजाद, तमिजुल ने बताया है कि वे सभी बसलीगंज नवादा से बंगाल कूचबिहार जा रहे थे। 50—60 मजदूर बस में थे। तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हम सभी मजदूर ईंट भट्टे में काम करने के बाद अपने घर जा रहे थे।