नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स एवं अधिप्राप्ति संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राशन कार्ड प्रबंधन, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा रबी विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान एवं गेहूं अधिप्राप्ति कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान ऑनलाइन राशन कार्ड, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लाइसेंस अद्यतन, संदिग्ध राशन कार्डों के सत्यापन, पीओएस मशीनों के निरीक्षण, खाद्यान्न उठाव एवं वितरण की प्रगति तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की । जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं राशन कार्ड सत्यापन से संबंधित सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संदिग्ध राशन कार्डों की गहन जांच कर अपात्र लाभुकों को सूची से हटाने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके उपरांत रबी विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान एवं गेहूं अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही खरीद, पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से अधिप्राप्ति की स्थिति, किसानों को भुगतान की प्रगति तथा अन्य विपणन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिप्राप्ति कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने अधिप्राप्त फसलों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने, अधिप्राप्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित अधिप्राप्ति लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को समन्वित रूप से कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, एजीएम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट