नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय कार्यालय कक्ष में जिला सर्वेक्षण प्रतिवेदन (डीएसआर) में चिन्हित पत्थर भूखंडों के बंदोबस्त से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसआर के अंतर्गत चिन्हित विभिन्न पत्थर भूखंडों के बंदोबस्त की प्रगति, प्रक्रियागत आवश्यकताओं तथा विभागवार की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित पत्थर भूखंडों के बंदोबस्त की प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निर्धारित मानकों एवं प्रचलित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से संपादित किया जाए।
उन्होंने कहा कि बंदोबस्त प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों में समन्वित प्रयास सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। समीक्षा के क्रम में भूखंडों के बंदोबस्त से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं राजस्व मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आवश्यक अभिलेखों, प्रतिवेदनों एवं अन्य औपचारिकताओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में वन विभाग से संबंधित विषयों की समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बंदोबस्त प्रक्रिया के दौरान वन एवं पर्यावरण संबंधी सभी प्रावधानों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में वन विभाग की अनुशंसा, प्रतिवेदन अथवा अन्य आवश्यक स्वीकृतियां अपेक्षित हैं, उनमें संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।
बैठक में जिलान्तर्गत लघु खनिज पत्थर के प्रयोजनार्थ डीएसआर में अंचल नवादा सदर, हिसुआ, अकबरपुर एवं गोविन्दपुर अंतर्गत चिन्हित पत्थर भूखंडों की बंदोबस्ती हेतु अग्रेत्तर कार्रवाई किए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी रजौली श्री स्वतंत्र कुमार सुमन, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री गौरव शंकर, प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. राजकुमार सिन्हा, जिला खनन पदाधिकारी श्री प्रत्यय अमन सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट