भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश के बाद बिहार में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों की सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल समेत बिहार भाजपा में 14 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। कुल 38 नेताओं को बिहार भाजपा की प्रदेश कमेटी में नामित किया गया है। इनमें भाजपा के 3 पूर्व विधायक भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की टीम में 14 प्रदेश उपाध्यक्ष, 5 महामंत्री और 14 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। वहीं विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को बिहार भाजपा का प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी के 7 अलग-अलग मोर्चे के अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान किया गया है।
त्रिविक्रम नारायण सिंह प्रदेश कोषाध्यक्ष
बताया जा रहा है कि नई बिहार भाजपा कमिटी में 38 सदस्यों में ज्यादातर नए चेहरों को मौका दिया गया है। यानी नए चेहरों को ज्यादा तवज्जो दी गई है। यह भी उल्लेखनीय है कि 38 सदस्यों की नई कमिटी में 8 महिला सदस्यों को भी जोड़ा गया है। कमिटी में 14 प्रदेश उपाध्यक्ष, 5 महामंत्री और 14 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। वहीं विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कमिटी की घोषणाओं के मुताबिक 7 अलग-अलग मोर्चे के अध्यक्षों के नाम का भी ऐलान किया गया है। वहीं, जितेंद्र सिंह को युवा मोर्चा, विधायक निशा सिंह को महिला मोर्चा, विधायक सुजीत पासवान को अनुसूचित जाति मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है।
विधायक जितेंद्र सिंह को युवा मोर्चा की कमान
बता दें बिहार भाजपा प्रदेश कमिटी के सदस्यों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी द्वारा कमिटी में सदस्यों को शामिल करने वाली लिस्ट को हाल ही में दिल्ली स्थित पार्टी हाईकमान को अंतिम रूप देने के लिए भेजा गया था। वहीं अब इस लिस्ट को हरी झंडी मिलते ही प्रदेश पदाधिकारियों के नाम का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि कमिटी में सामाजिक समीकरण को ख्याल में रखकर सदस्यों को जोड़ा गया है। सकारात्मक संदेश जा सके, इसके लिए महिलाओं को भी भागीदारी दी गई है। 38 सदस्यों में से 8 महिलाओं का नाम शामिल किया गया है।