नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के अंतर्गत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 08.05.2026 को जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आमजनों द्वारा कुल 44 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिला पदाधिकारी द्वारा कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना-नारदीगंज अंतर्गत ग्राम-मधुवन निवासी प्यारे यादव द्वारा एल.पी.सी. निर्गत कर मुआवजा भुगतान कराने, थाना-रोह अंतर्गत ग्राम-मूसेपुर निवासी राम शरण द्वारा दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने, थाना-रजौली अंतर्गत ग्राम-अन्धवारी निवासी राम विलास सिंह द्वारा चापाकल मरम्मती कराने तथा थाना-मेसकौर अंतर्गत ग्राम-अंकरी निवासी सुखदेव चौधरी द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में अपर समाहर्ता, सदर एवं रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई आयोजित कर आमजनों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
भईया जी की रिपोर्ट