मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह अब नई कानूनी मुसीबत में फंस गए हैं। गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में उपनयन संस्कार के दौरान उनके समर्थकों द्वारा हथियारों के साथ अश्लील नृत्य का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अनंत सिंह समेत नौ लोगों पर FIR दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में अनंत समेत हथियारों संग दिख रहे कई आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद अनंत के अलावा कई अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 2 और 3 मई को सेमराव गांव में मुखिया पति गुड्डू राय के आवास पर उपनयन संस्कार का आयोजन किया गया था। इस निजी कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह भी शिरकत करने पहुंचे थे। आरोप है कि विधायक के स्वागत और कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थकों ने खुलेआम प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में अश्लील नृत्य का भी आयोजन किया गया था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर साझा किया गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान पुलिस को इन आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों की जानकारी मिली। सूक्ष्म जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि कार्यक्रम में अवैध और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन कर समाज में भय फैलाने की कोशिश की गई है। पुलिस ने अब तक वीडियो के आधार पर कई आरोपियों की पहचान कर ली है। तकनीकी सेल और मानवीय साक्ष्यों की मदद से अन्य अज्ञात लोगों की भी तलाश की जा रही है। दरअसल, विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें दो वायरल वीडियो ने बढ़ाई हैं। पहले वीडियो में बार-बालाओं का अश्लील डांस हो रहा है, जिसमें अनंत सिंह कुर्सी पर बैठे ताली बजाते नजर आ रहे हैं। जबकि दूसरे वीडियो में भोजपुरी गानों पर दर्जन भर लोग हाथों में हथियार लेकर डांस करते दिख रहे हैं, जिनके बीच से अनंत सिंह भी गुजर रहे हैं। इन वीडियो के आधार पर ही पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।