नवादा : जिले के विभिन्न प्रखंडों में अचानक आयी तेज आंधी- पानी व ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। अचानक मौसम के इस बदले मिजाज से जहां शादी-समारोह वाले घरों में व्यवधान पड़ा, वहीं किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था घंटों ठप रही। हालात यह रहा कि मोबाइल ठप पड़ रहा। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई गांवों में लगाए गए विवाह पंडाल और टेंट उखड़ गए। सजावट के सामान क्षतिग्रस्त होने से शादी वाले घरों में अफरा-तफरी मच गई और कार्यक्रमों को बीच में ही रोकना पड़ा। लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर शरण लेकर खुद को बचाया।
किसानों पर टूटी मुसीबत की पहाड़
मौसम की मार सबसे ज्यादा किसानों पर पड़ी है, तेज बारिश-हवा व ओलावृष्टि से दर्जनों एकड़ में लगी टमाटर, बैंगन, गर्मा मूंग और मिर्च जैसी सब्जी की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई। अर्जुन प्रसाद, बीरेंद्र कुमार और जयप्रकाश यादव समेत कई किसानों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया और अब लागत निकालना मुश्किल हो रहा है।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजे की मांग की है। आंधी के कारण गिरे पेड़ों और टहनियों की वजह से कई रास्तों पर आवाजाही में भी कुछ समय के लिए परेशानी हुई। कई क्षेत्रों में अब भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से पीने की पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट