राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव और बाबा बागेश्वर की बातचीत का वीडियो सामने आया है जिसमें तेज प्रताप बाबा से अपना राजनीतिक फ्यूचर पूछते नजर आ रहे हैं। दोनों वीडियोकॉल पर बात करते नजर आए जिस दौरान अपने सियासी भविष्य को लेकर तेज प्रताप यादव द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में बाबा बागेश्वर ने उनसे कहा कि—’ मिलकर देख लेंगे’। दोनों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि पहले तेज प्रताप बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री पर उनके बिहार दौरे पर आने के विरोध के साथ ही उनपर तीखे हमले बोल चुके हैं।
जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव और बाबा बागेश्वर की बाचतीच का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें बाबा तेज प्रताप से कहते हैं कि आप मेरे पास आइए। मिलकर बताएंगे आपका सियासी भविष्य। साल 2023 में तेज प्रताप यादव ने बाबा बागेश्वर के बिहार आने का विरोध किया था। लेकिन अब वह वीडियोकॉल पर उनसे गपशप करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो कॉल में तेज प्रताप ने मुस्कुराते हुए बाबा से कहा कि-‘थोड़ा मेंरा राजनीतिक भविष्य देख लीजिए। इस पर धीरेंद्र शास्त्री ने जवाब दिया, हम लोग जब साथ बैठेंगे, तब देख लेंगे’। विदित हो कि चुनावी हार के बाद इन दिनों तेज प्रताप यादव भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आ रहे हैं।उन्होंने हाल ही में अपना अलग इंस्टाग्राम पेज ‘संत तेज प्रताप’ के नाम से बनाया है जिसमें वह धार्मिक विषयों पर चर्चा करते हैं।
मालूम हो कि वर्ष 2023 में जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की पटना के नौबतपुर में कथा कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी, तब तेज प्रताप यादव ने इसका खुलकर विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि बिहार गांधी और बुद्ध की धरती है। यहां किसी भी हाल में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। तेज प्रताप ने सख्त लहजे में यह भी कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो वे पटना एयरपोर्ट का घेराव करेंगे और ऐसे लोगों को बिहार में प्रवेश नहीं करने देंगे। उस समय उनका यह बयान काफी चर्चा में रहा था और इसे धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ सीधी चेतावनी के तौर पर देखा गया था। इसके अलावा तेज प्रताप ने एक इंटरव्यू में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तुलना राम रहीम और आशाराम बापू से भी की थी। उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री भी वैसे ही बाबा हैं जैसे राम रहीम और आसाराम।