मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद बिहार में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसे लेकर जहां दिल्ली से लेकर पटना तक बैठकों का दौर जारी है, वहीं पटना में सीएम हाउस—1 अणे मार्ग से सामानों की शिफ्टिंग भी शुरू हो गयी है। सीएम हाउस से ट्रैक्टर पर सामान लाद कर 1 सर्कुलर रोड पहुंचाया जा रहा है। 1 सर्कुलर रोड वाले आवास में नीतीश कुमार ने लंबे समय तक निवास किया है। खबर है कि अब नीतीश कुमार का नया ठिकाना यही हो सकता है।। इसबीच यह भी खबर है कि बिहार में नई सरकार के गठन से पहले जेडीयू ने बीजेपी के सामने अपनी नई शर्तें रख दी हैं। बताया जाता है कि हरिवंश नारायण सिंह को राज्य सभा में मनोनित किये जाने के बाद से जदयू नाराज है और इसी के बाद पार्टी ने भाजपा के सामने सत्ता हस्तांतरण की नई शर्त्तें रख दी हैं।
विस अध्यक्ष और गृह मंत्रालय की डिमांड
दरअसल, 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने के बाद नीतीश कल शाम को ही पटना लौट आए थे। लेकिन पटना आने के बाद जदयू ने हरिवंश की राज्यसभा में मनोनयन पर नाराजगी जता दी। इधर मुख्यमंत्री नीतीश तय कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल को सीएम पद छोड़ने वाले हैं। लेकिन उससे पहले ही हरिवंश प्रकरण के बाद जदयू ने एनडीए में इस सत्ता हस्तांतरण पर अपना रुख कड़ा कर लिया। सूत्रों के अनुसार सत्ता हस्तांतरण को लेकर जदयू और बीजेपी के बीच कई मुद्दों पर मतभेद उभरने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जहां जदयू ने हरिवंश मुद्दे पर बीजेपी से कई सवाल उठाए हैं, वहीं नई सरकार के स्वरूप पर भी कई नई डिमांड सामने रख दी है।
नई सरकार से पहले जदयू की शर्तें
सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन से पहले जदयू ने कई मुद्दों पर बीजेपी से अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। बताया जा रहा है कि जदयू ने अब नई एनडीए सरकार में गृह मंत्रालय और दो उपमुख्यमंत्री पद की मांग रखी है। इसके साथ ही जदयू ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष पद पर भी अपना दावा ठोंक दिया है। जदयू सूत्रों का कहना है कि विधान सभा अध्यक्ष पद उनके पास रहने से भविष्य में किसी भी राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति में उनका पलड़ा मजबूत रहेगा। यही वजह है कि पार्टी इस पद को लेकर गंभीरता से अपना दावा कर रही है। कुल मिलाकर देखा जाए तो अब जदयू बिहार में भाजपा को शक की नजरों से देखने लगी है और गठबंधन में लिये जाने वाले फैसलों पर अधिक पारदर्शिता की मांग कर रही है।